अधूरे ही - भवानीप्रसाद मिश्र

भवानीप्रसाद मिश्रभवानीप्रसाद मिश्र29 Sept 1913 – 20 Sept 1985

3 min read · 12.4K reads

अधूरे मन से ही सही
मगर उसने
तुझसे मन की बात कही

पुराने दिनों के अपने
अधूरे सपने
तेरे क़दमों में

ला रखे उसने
तो तू भी सींच दे
उसके

तप्त शिर को
अपने आंसुओं से

डाल दे उस पर
अपने आँचल की
छाया
क्योंकि उसके थके – मांदे दिनों में भी
उसे चाहिए
एक मोह माया

मगर याद रखना पहले-जैसा
उद्दाम मोह

पहले -जैसी ममत्व भरी माया
उसके वश की
नहीं है
ज़्यादा जतन नहीं है ज़रूरी
बस उसे
इतना लगता रहे

कि उसके सुख-दुःख को
समझने वाला
यहीं -कहीं है!
भवानीप्रसाद मिश्र
About the poet

भवानीप्रसाद मिश्र

View profile & all 173 Poems / Stories