कैंसर वाला बच्चा-2 - भास्कर चौधुरी

भास्कर चौधुरीभास्कर चौधुरी27 Sept 1969

3 min read · 12.4K reads

कैंसर वाला बच्चा बड़ा हो रहा है
तीन साल पहले वह कक्षा चार में था
अब कक्षा सात में पढ़ता है
मैं देख रहा हूँ
कि पहले जहाँ आँख वाली पट्टी
तीन-चार दिनों में बदली जाती थी
अब वहाँ रोज़ एक नई पट्टी होती है

कैंसर वाला बच्चा लड़ रहा है
ख़ूबसूरत बच्चों की कतार में शामिल होने के लिए
उसे अच्छा नहीं लगता जब नृत्य शिक्षक अच्छा नाचने के बावजूद
उसे आगे वालों की कतार में नहीं रखता

कैंसर वाले बच्चे को पता है
कि दूसरी ओर
दोनों आँखों वालों की दुनिया है

कैंसर वाला बच्चा लड़ रहा है
कैंसर से!
अपने खुद से!
दोनों आँखों वाली दुनिया से!
भास्कर चौधुरी
About the poet

भास्कर चौधुरी

View profile & all 105 Poems / Stories