घर से निकल कर - भारत यायावर

भारत यायावरभारत यायावर29 Sept 1954

3 min read · 12.4K reads

यहाँ आकर मैंने देखा
जितनी ऊँचाई पर
देखता था ख़ुद को
उतनी निचाई पर पाँव जमे हैं

और जहाँ खड़ा हूँ
वहाँ घुप्प अन्धेरा है
भूख से ऐंठती हैं अन्तड़ियाँ
और लोग देख नहीं पाते

जिस आशा और विश्वास से
आया था यहाँ
वह कहाँ
पूरा हुआ
सिर्फ़ छाया रहा
चारों ओर धुआँ

मुझे यह जगह
न जाने कितनी बार
नगाड़ा बजाकर
मेरी परेशानियों पर हँसती हुई लगी

किसी तरह
गिरते-पड़ते-सम्भलते
मैं हुआ वह
जो होना था अन्ततः
फिर लौट आया घर
भारत यायावर
About the poet

भारत यायावर

View profile & all 49 Poems / Stories