कविता के अलावा

भगवत रावतभगवत रावत13 Sept 1939

1 min read · 12.4K reads

घड़े के उगले हुए पानी की तरह

बाँधे नहीं बँधता उसका बोलना

बड़बड़ाती रहती है हर बात पर

कटुता की सीमा तक आकर

वह उसकी भाषा ही तो है

जो उसे

अपने होने का

रहा-सहा एहसास कराती है

जानता है वह

कि अपनी खाल की तरह

बचाकर रखे जाने वाले

एक बेहद निजी संसार की तकलीफ़ का

कविता में ज़िक्र करना

औरत के लगभग जवाब दे गए शरीर को

ज़बरदस्ती राज़ी करने की तरह ही

दुःखांत है

लेकिन उसके लिए

इसके अलावा

और जगह है कहाँ।

भगवत रावत
About the poet

भगवत रावत

View profile & all 56 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like