एक बार फिर आऊँगा

भगवत रावतभगवत रावत13 Sept 1939

1 min read · 12.4K reads

एक बार फिर आऊँगा

आऊँगा और फिर से आग के

गोल-गोल घेरे से होकर निकलूँगा

और अबकी बार तो

आग के दरिया पर

तैर कर दिखाऊँगा

एक बार फिर काजल की

कोठरी में जाऊँगा और लीकों ही लीकों वाले

चेहरे में

और भी ख़ूबसूरत

लगकर दिखाऊँगा

भागती-दौड़ती इस उम्र को

एक क्षण रोककर जो कहना चाहता था

तुम्हारे कान में अबकी बार उसे

कहकर ही जाऊँगा

पुनर्जन्म के बारे में कुछ भी जानता नहीं

लेकिन कविता में लौटकर आने का

भरोसा न होता तो अब तक

कब का डूब गया होता।

भगवत रावत
About the poet

भगवत रावत

View profile & all 56 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like