ऐसी भाषा

भगवत रावतभगवत रावत13 Sept 1939

1 min read · 12.4K reads

सारी उम्र बच्चों को पढ़ाई भाषा

और विदा करते समय उन्हें

पास में नहीं था एक ऐसा शब्द

जिसे देकर कह सकता कि लो

इसे सँभाल कर रखना

यह संकट के समय काम आएगा

या कि वह तुम्हें शर्मिंदगी से बचाएगा

या कि वह तुम्हें गिरने से रोकेगा

या कि ज़रूरत पड़ने पर यह तुम्हें टोकेगा

या कि तुम इसके सहारे किसी भी नीचता का सामना कर सकोगे

या इतना ही कि कभी-कभी तुम इससे अपना ख़ालीपन भर सकोगे

या किया यह शब्द ज़मीन की मिट्टी का टुकड़ा है

या कि यह शब्द दो जून की रोटी से बड़ा है

कुछ भी नहीं था मेरे पास

कुछ भी नहीं है—यह तक कह सकने की

भाषा न थी।

भगवत रावत
About the poet

भगवत रावत

View profile & all 56 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like