लगती तो है बड़ी मुलायम
कोमल-कोमल
पर बड़ी सख़्त जान है मुई
यह देसी करेले की बेल
घर के बाहर कहीं भी उग आती
फेंस हो तो ठीक नहीं तो ज़मीन पर ही बेतरह फैल
पीले-पीले छोटे फूलों को उछालती
हरे पोखर में खेल रहे हों जैसे
धूप के शरारती बच्चे
बेल पर दिखने लगे हैं
छोटे-छोटे करेले
चाहे जितनी मुस्तैदी से खोजें
एक न एक करेला बच ही जाता
पत्तियों के पीछे छुपा हुआ वह
पकता अगली बारिश के लिए
पक कर झड़ता झड़कर छिपता छिपकर बचता बचकर फिर उगता
करेले की यह कड़वी बेल
बस चले इसका
तो तोप की बग़ल से उग आए
नली को लपेट खिलाए पीले फूल
बड़ी सख़्त जान है
यह करेले की बेल!








