भाषा - बसंत त्रिपाठी

बसंत त्रिपाठीबसंत त्रिपाठी25 Sept 1972

4 min read · 12.4K reads

मेरे पास
कुछ दुख हैं
बहुत सारा गुस्सा है
जिसे बाँध रखा है
मेरी ही सुविधाओं की समझाइश ने

थोड़ा सब्र है
थोड़ी हड़बड़ी है
कुछ उनींदी रातें
बहुत-से पराजित दिन हैं
और चिढ़ी हुई-सी कई शामें हैं

अधूरे गीत हैं कुछ
जरूरी रीत हैं कुछ
सबसे अंत में खड़े होने की एक सहमी मुद्रा है
कुछ सवाल भी
कि जिसके उत्तर दिए जाते बार-बार
लेकिन हर बार अधूरे
कई सारे लोगों के चेहरे हैं
नजरों ने जिनके दुखों को छुआ
और सपनों में देर तक सुबकते रहे

मैं अपनी प्यास को तुम्हारे रिसते घावों और
भागते पाँवों में
रखना चाहता हूँ

मेरे पास
एक भाषा है
जागे सोए बोलते बड़बड़ाते
चुप हो जाते
शब्दों की भाषा
बसंत त्रिपाठी
About the poet

बसंत त्रिपाठी

View profile & all 56 Poems / Stories