इन दिनों
सब कुछ अधूरा छूट जाता है
आधा-अधूरा ग़ुस्सा
आधी-अधूरी प्यास
बहुत लहक कर जहाँ गया
वहाँ से अधूरे मन लौटा
बीसियों किताबें अधूरी पढ़ी जाकर
रख दी गईं
शेल्फ़ की क़ब्रगाह में
हद तो यह कि एक छोटी कविता भी
आधी ही पढ़ पाया
दोष कवि का उतना नहीं था
मेरे भीतर ही
कुछ चटक जाता था बार-बार
लगता है यह जीवन
मुझे आधा-अधूरा ही मिला
आधा शायद किसी तानाशाह ने
अपनी चाकरी में तैनात कर रखा है
इससे पहले मैं जान पाता
कि कहाँ छूट गया आधा जीवन
कहाँ रह गई हथियायी हुई प्यास
और दर्ज करता यहाँ,
देखो कि यह कविता भी
अधूरी छूट गई।








