चलो ये तो सलीका है बुरे को मत बुरा कहिए - अज़ीज़ आज़ाद

अज़ीज़ आज़ादअज़ीज़ आज़ाद21 Sept 1944 – 20 Sept 2006

3 min read · 12.4K reads

चलो ये तो सलीका है बुरे को मत बुरा कहिए
मगर उनकी तो ये ज़िद है हमें तो अब ख़ुदा कहिए

सलीकेमन्द लोगों पे यूँ ओछे वार करना भी
सरासर बदतमीज़ी है इसे मत हौसला कहिए

तुम्हारे दम पै जीते हम तो यारों कब के मर जाते
अगर ज़िंदा हैं क़िस्मत से बुजुर्गों की दुआ कहिए

हमारा नाम शामिल है वतन के जाँनिसारों[1] में
मगर यूँ तंगनज़री[2] से हमें मत बेवफ़ा कहिए

तुम्हीं पे नाज था हमको वतन के मो’तबर[3] लोगों
चमन वीरान-सा क्यूँ है गुलों को क्या हुआ कहिए

किसी की जान ले लेना तो इनका शौक है ‘आज़ाद’
जिसे तुम क़त्ल कहते हो उसे इनकी अदा कहिए
अज़ीज़ आज़ाद
About the poet

अज़ीज़ आज़ाद

View profile & all 39 Poems / Stories