बदरा आए - अवनीश सिंह चौहान

अवनीश सिंह चौहानअवनीश सिंह चौहान4 Sept 1979

3 min read · 12.4K reads

धरती पर धुन्ध
गगन में
घिर बदरा आए

लगे इन्द्र की पूजा करने
नंबर दो के जलसे
पाप-बोध से भरी
धरा पर
बदरा क्यों कर बरसे

कृपा-वृष्टि हो
बेक़सूर पर
हाँफ रहे चौपाए

हुए दिगंबर पेड़-
परिंदे, हैं
कोटर में दुबके
नंगे पाँव
फँसा भुलभुल में
छोटा बच्चा सुबके

धुन कजरी की
और सुहागिन का
टोना फल जाए

सूखा औ मँहगाई दोनों
मिलते बांध मुरैठे
दबे माल को बनिक
निकाले
दुगना-तिगुना ऐंठे

डूबें जल में
खेत, हरित हों
खुरपी काम कमाए
अवनीश सिंह चौहान
About the poet

अवनीश सिंह चौहान

View profile & all 64 Poems / Stories