मेरा दिमाग - अतुल कुमार मित्तल

अतुल कुमार मित्तलअतुल कुमार मित्तल4 Sept 1960 – 15 Sept 1988

5 min read · 12.4K reads

एक तन्दूर है मेरा दिमाग
कविता का नर्म केक
नहीं पकता इसमें
वह तो झुलस कर कोयला
हो जाता है
इसकी तेज लपटों में

इसकी आंच कम करने
के लिए मैं और कस
लेता हूँ मुठ्ठियाँ अपनी
इतनी जोर से कि
नीली मोटी-मोटी नसें
उभर आती हैं हाथों पर
पर उंगलियों की दरारों
से फिसलता चला जाता
है मेरी उम्र का ईंधन
रुकता ही नहीं
और फिर मैं चौंककर
पूरा समेत लेना चाहता हूँ
उमड़ती हुई लपटों को
अपनी दोनों बाहों में
और तन्दूर में पकने लगती
हैं मोटी-मोटी रोटियां
दिन-रात इसमें पकती रहतीं
हैं टेढ़ी-मेढ़ी बदशक्ल बदमजा रोटियां
इतनी रोटियां
सिकती हैं इसमें
ढेर की ढेर
मानो कारखाना लगा हो कोई
रोटियां बनाने का!
और दूसरी तरफ लगता जाता
है ढेर कोयले का
ककनूसी कोयला
रोटियां बनती हैं जलती हैं
फिर कोयला बन जाती हैं
और पुन: जलकर
जुट जाता है बनाने में
और-और रोटियां!
अतुल कुमार मित्तल
About the poet

अतुल कुमार मित्तल

View profile & all 5 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like