आओ फिर से दिया जलाएँ

अटल बिहारी वाजपेयीअटल बिहारी वाजपेयी25 Sept 1924 – 16 Sept 2018

1 min read · 12.4K reads

भरी दुपहरी में अँधियारा

सूरज परछाईं से हारा

अंतरतम का नेह निचोड़ें, बुझी हुई बाती सुलगाएँ

आओ फिर से दिया जलाएँ

हम पड़ाव को समझे मंज़िल

लक्ष्य हुआ आँखों से ओझल

वतर्मान के मोहजाल में आने वाला कल न भुलाएँ

आओ फिर से दिया जलाएँ

आहुति बाक़ी यज्ञ अधूरा

अपनों के विघ्नों ने घेरा

अंतिम जय का वज्र बनाने नव दधीचि हड्डियाँ गलाएँ

आओ फिर से दिया जलाएँ

अटल बिहारी वाजपेयी
About the poet

अटल बिहारी वाजपेयी

View profile & all 42 Poems / Stories