जीवन के अँधियारे पथ पर
कभी-कभी ही
इक्का-दुक्का
कोई मुसाफ़िर
चलता दिखता।
पर इस समय
अकेला ही मैं चला जा रहा
इक आशा, इक चाह लिए
उस मंजिल पर बढ़ा जा रहा
जिस मंज़िल के हर रस्ते के
क़दम क़दम पर
बैठा है संसार यह सारा
अजगर बनकर।
मुझे पता है
प्रेम पंथ पर
बंधन भी कुछ हैं दुनिया के
वे बंधन भी
बिखर गए हैं
हर रस्ते पे
लंबे-लंबे
तेज़-नुकीले
काँटे बनकर
लेकिन फिर भी चला जा रहा
इक आशा इक चाह लिए मैं
उस मंज़िल पर बढ़ा जा रहा
जिस मंज़िल के हर रस्ते के
क़दम-क़दम पर
बैठा है संसार यह सारा
अजगर बनकर।
और
सभी संसार के बंधन
बिखर गए हैं काँटें बनकर
फिर भी मैं हूँ
चला जा रहा
निर्भय होकर
नँगे पाँव।








