रेतीले अंधड़ में
न जाने किस भुतैली गुफा से
निकल रहे हैं
जहर बुझी नोक वाले वाक्य
टूट रहे हैं कवच
बिंध रहा है मन
अँधेरा बह रहा है
हमारे घावों से
पृथ्वी के इस सिरे से
उस सिरे तक
फैलती चली गई है दरार एक
टूटकर गिर रही हैं जिसमें
हमारी शक्लें, हँसी, लय, नमी
और जब गुज़र रहा है दृश्य का तूफ़ान
श्लथ-क्लांत योद्धा
रेत में खोदते हुए
निकाल रहे हैं खुद को
ये ख़ाली प्राचीन बर्तन
जिनमें खनक रही है धीरे-धीरे
किसी पुरासभ्यता के ढुल जाने की
थकी हुई कहानी
क्या हमारे ही चेहरे हैं?








