रीमिक्स

आशुतोष दुबेआशुतोष दुबे

1 min read · 12.4K reads

उत्तर आधुनिक काल में

अतीत और वर्तमान की ग़ज़ब मिक्सिंग हुई

हो चुके और हो रहे मैं

चीज़ें इस क़दर गड्ड-मड्ड हुई

कि एक ग्लोबल क़िस्म के बाज़ारकाल में

एक देसी क़िस्म का भक्तिकाल जा मिला

इससे भक्तजनों को आंदोलन का कारोबार मिला

अभी यह सब चल रही रहा था

कि ऐन इसके बीच वीरगाथाकाल आ कूदा

फिर तो ऐसी ज़ोरदार खुदाई मची

कि सारी क़ायनात पर उसकी धूल उड़ी

और साफ़-साफ़ कुछ भी देख पाना नामुमकिन हो गया

पीपल के पीछे

और बेरी के नीचे

रीतिकाल का काँटा चैनल-चैनल गड़ गया

जो अखिल भारतीय स्तर पर मीठा-मीठा चुभा

कलियुग में त्रेता का रथ निकला

तो द्वापर का महाभारत मचा

राजसूय के बाद शांति स्थापना हुई

और विकास का पथ प्रशस्त हुआ

पुराण, इतिहास के कपड़े ले भागा

तो इतिहास को जिसने जो चाहा, पहनाया

इससे वर्तमान के लिए एक आदर्श संभव हुआ

और एक दिशा मिली

जिसक तहत सब

पूरब की तरफ़ मुँह किए

पश्चिम की ओर चलने लगे

आशुतोष दुबे
About the poet

आशुतोष दुबे

View profile & all 65 Poems / Stories