किसी दिन - आशुतोष दुबे

आशुतोष दुबेआशुतोष दुबे

4 min read · 12.4K reads

बहुत पुरानी चाबियों का एक गुच्छा है
जो इस जंग लगे ताले पर आजमाया जाएगा
जो मैं हूँ
मुझे बहुत वक़्त से बंद पड़ी दराज़ की तरह खोला जाएगा
वह ढूँढ़ने के लिए जो मुझमें कभी था ही नहीं

जो मिलेगा
वह ढूँढ़ने वालों के लिए बेकार होगा

जो चाबी मुझे खोलेगी
वह मेरे बारे में नहीं, अपने बारे में ज़्यादा बताएगी

मैं एक बड़ी निराशा पर जड़ा एक जंग लगा ताला हूँ
मुझे एक बाँझ उम्मीद से खोला जाएगा
झुँझलाहट में इस दराज़ को तितर-बितर कर दिया जाएगा
शायद उलट भी दिया जाए फ़र्श पर
कुछ भी करना,
झाँकना, टटोलना, झुँझलाना,
फिर बन्द कर देना
मैं वहाँ धड़कता रहूँगा इन्तज़ार के अन्धेरे में

मुझे एक धीमी-सी आवाज़ खोलेगी किसी दिन
आशुतोष दुबे
About the poet

आशुतोष दुबे

View profile & all 65 Poems / Stories