क्यों न पहनें औरतें गहने - असद ज़ैदी

Asad Jadiअसद ज़ैदी31 Aug 1954

4 min read · 12.4K reads

क्यों न पहनें औरतें गहने

इस तरह हो सकती है एक कविता शुरू
सोचा भूल न जाऊँ तो लिख लिया
एक काग़ज़ के पुरज़े पर
जो बाजी के यहाँ छूट गया
फिर मैं भी उसे भूल गया ।

काग़ज़ के पुरज़े जीते हैं
अराजक और रहस्यमय जीवन ।

एक बरस बाद उसने पूछा
क्या लिखने वाले थे तुम ?

बाजी कुछ बीमार थी, मैं उसका
हाथ थामे बैठा था, वह
आँखें बन्द किए लेटी थी ।

कि किसलिए गहने नहीं पहनने चाहिए औरतों को ?
या कि उनकी मर्ज़ी है... बेशक पहनें ?

मैं झेंप गया, कहा उससे :
तंग न करो, बाजी !

ओ बे-रहम बहना, पूछकर
तूने सारी बात बिगाड़ दी,
मेरे दिमाग़ में निबन्ध नहीं था,
कविता थी कविता !

अब खो गई हमेशा के लिए ।
Asad Jadi
About the poet

Asad Jadi असद ज़ैदी

असद ज़ैदी कुछ प्रमुख कृतियाँ बहनें और अन्य कविताएँ, कविता का जीवन, सामान की तलाश

View profile & all 47 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like