प्‍यार एक अफ़वाह है - अरुणा राय

अरुणा रायअरुणा राय18 Sept 1984

3 min read · 12.4K reads

प्‍यार
एक अफ़वाह है
जिसे
दो जिद्दी सरल हृदय
उड़ाते हैं
और उसकी डोर काटने को उतावला
पूरा जहान
उसके पीछे भागता जाता है

पर
उसकी डोर
दिखे
तो कटे

तो
कट कट जाता है
सारा जहान
उसकी अदृश्‍य डोर से

यह सब देख
तालियाँ बजाते
नाचते हैं प्रेमी

और गुस्‍साया जहान
अपने तमाम सख्‍त इरादे
उन पर बरसा डालता है

पर अंत तक
लहूलुहान वे
हँसते जाते हैं
हँसते जाते हैं

अफ़वाह
ऊँची
और ऊँची
उड़ती जाती है।
अरुणा राय
About the poet

अरुणा राय

View profile & all 58 Poems / Stories