हे कवि! हे गाथाकार!
तुम्हारी चौखट पर माथा टेकता
क़बूल करता हूँ नि:संकोच
कि मैंने कभी प्रेम नहीं किया
जाना ही नहीं
न निर्वात
न झंझावात
न कभी किसी उड़ते पक्षी के पंखों की हवा हठात्
आनन पर
मेरे लिए दिन
दिन रहा और रात
रात
न गोधूलि न प्रात:
भाग्यवान हैं वे जिनने प्रेम किया
उनसे भी अधिक वे जिन्हें प्रेम मिला
पर सबसे भाग्यवान हैं वो जिनके प्रेम के गीत
गाए गए
और महान है वो जिसने गाए प्रेम के गीत
आज इस शिशिर की प्रात:
तुम्हारी चौखट पर माथा टेकता एक बार फिर
क़बूल करता हूँ कि मैंने कभी जाना नहीं प्रेम
पर जगता रहा रात-रात तुम्हारी गाथा पढ़ कर
अँधेरी सुनसान गलियों के काटता चक्कर
जैसे चक्रवात की टूटी हवा
अपनी ही देह की लपटों में नाचता।
________________________________
नड़ियाद, गुजरात : गोवर्धनराम त्रिपाठी के घर








