घोषणा

अरुण कमलअरुण कमल15 Sept 1954

1 min read · 12.4K reads

मैंने ग़ौर से देखा और पाया कि राष्ट्र के प्रधान के

जीवन में नींद नहीं

मंत्रिमंडल की बैठक हमेशा देर रात

हर ज़रूरी फ़ैसला आधी रात के बाद

फ़ौज की तैनाती का हुक्म ढाई बजे रात

विरोधियों की नज़रबंदी का आदेश पौने तीन

चीनी पर टैक्स बढ़ाने का फ़ैसला मध्य रात्रि के इर्द-गिर्द

विदेश यात्रा की उड़ान रात दो बजे

विदेशी मेहमान का विमानपत्तन पर स्वागत तीन बजे

हत्यारों से मंत्रणा किसी भी क्षण

जीवन में नींद नहीं

राजा चुपके से काटता है चक्कर रात में

नए-नए भेस में अलग-अलग घात में

जो सोए उनके माथे से तकिया खींचता

फेंकता खलिहान में लुकाठी

मसोमात के खेत से मूली उखाड़ता

खोलता बदरू की पाठी

गुद्दा गटक फेंकता आँगनों में आँठी

जीवन में नींद नहीं

माना कि वहाँ बहुत उजाला है

फिर भी रात में रात तो है ही

और इधर आलम ये कि नौ बजते-बजते ढेर

और दस तक तो देह के सारे पुरज़े खोल

मैं विसर्जित हो जाता हूँ महासमुद्र में

सो, मैं भारत का एक नागरिक, एतद् द्वारा घोषणा करता हूँ कि

नींद

मुझे राष्ट्र के सर्वोच्च पद से ज्य़ादा प्यारी है।

अरुण कमल
About the poet

अरुण कमल

View profile & all 83 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like