सबसे ज़रूरी सवाल

अरुण कमलअरुण कमल15 Sept 1954

1 min read · 12.4K reads

सबसे ज़रूरी सवाल यही है मेरे लिए

क्या हमारे बच्चों को भर पेट दूध मिल रहा है

सबसे ज़रूरी सवाल यही है कि

क्या प्रसूति माओं को मिल रहा है हल्दी-छुहारे का हलवा

और दादा-दादी को हर रात दूध में रोटी?

सबसे ज़रूरी सवाल यही है मेरे लिए कि

हमारे नौजवान काम से लौटते थके तो नहीं ज़्यादा?

क्या हर बीमार के सिरहाने रक्खा है अनार

और हर बीमार को वही इलाज जो देश के प्रधान को?

सबसे ज़रूरी सवाल यही है मेरे लिए कि इतने लोग

भादों की रात में भीग क्यों रहे हैं

कहाँ गए वे लोग इन बस्तियों को छोड़ कर

हमारी गौवें क्यों खड़ी हैं कूड़े के ढेर में

इस अँधेरी रात में किसने फेंका मेरी माँ को घर से बाहर?

जिस देश में भूखे हों बच्चे, माँएँ और गौवें

उस देश को धरती पर रहने का हक़ नहीं।

अरुण कमल
About the poet

अरुण कमल

View profile & all 83 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like