गुन गाऊँगा

अरुण कमलअरुण कमल15 Sept 1954

1 min read · 12.4K reads

गुन गाऊँगा

फाग के फगुआ के चैत के पहले दिन के गुन गाऊँगा

गुड़ के लाल पुओं और चाशनी में इतराते मालपुओं के

गुन गाऊँगा

दही में तृप्त उड़द बड़ों

और भुने जीरों

रोमहास से पुलकित कटहल और गुदाज़ बैंगन के

गुन गाऊँगा

होली में घर लौटते

जन मजूर परिवारों के गुन

भाँग की सांद्र पत्तियों और मगही पान के नर्म पत्तों

सरौतों सुपारियों के

गुन गाऊँगा

जन्मजन्मांतर मैं वसंत के धरती के

गुन गाऊँगा—

आओ वसंतसेना आओ मेरे वक्ष को बेधो

आज रात सारे शास्त्र समर्पित करता

मैं महुए की सुनसान टाप के

गुन गाऊँगा

इसी ठाँव मैं सदा सर्वदा

गुन गाऊँगा

सदा आनंद रहे यही द्वारे

अरुण कमल
About the poet

अरुण कमल

View profile & all 83 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like