काव्य की वापसी के लिए - अर्चना कुमारी

अर्चना कुमारीअर्चना कुमारी27 Sept 1984

5 min read · 12.4K reads

अभी शान्त है समय की लहरें
अनिश्चितताओं के बवंडर थम गये हैं

सो गयी हैं कविताएँ
उद्विग्नताओं के कोख से जन्मा करती थी जो

मगर कलम आश्वस्त नहीं है
अपने ही मौन से

मैं निरुद्वेग देखती हूँ सृष्टि को
द्रष्टा भाव से
कामना के किसी क्षण विशेष में
अजस्र चाहती हूँ लेखनी का प्रवाह
तटस्थता के पलों में
अपनी ही भावहीनता से विस्मित
अक्षरों से निर्लिप्त हो गयी हूँ

लेखन की स्वतः स्फूर्णा के सुप्त होने के पीछे
किसी का दिया कोई अभिशाप होगा
या होगी काल की काली दृष्टि

मेरी प्रार्थनाओं में जितना हिस्सा
गृहस्थी और ममत्व का है
उतना ही अधिकृत है कविताओं के लिए

मुझे गुरुर था कि रगों में बहती हैं कविताएँ
मगर इनदिनों नतमस्तक अहं के साथ
प्रतीक्षा में हूँ

स्वयं में काव्य की वापसी के लिए
मेरी प्रार्थना को आशीष चाहिए
दुआ चाहिए
कि लौट आए वो मुझमें
कि लौट आए जीवन शब्दों में !
अर्चना कुमारी
About the poet

अर्चना कुमारी

View profile & all 30 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like