जब हम मारे जाएंगे - अरविन्द श्रीवास्तव

अरविन्द श्रीवास्तवअरविन्द श्रीवास्तव2 Sept 1964

3 min read · 12.4K reads

जब हम बुन रहे होंगे
कोई हसीन ख्वाब
तुम्हारे बिल्कुल करीब आकर
बाँट रहे होंगे आत्मीयता
प्रेम व नग्न भाषा
रच रहे होंगे कविताएँ

तभी एक साथ उठ खड़े होंगे
दुनिया के तमाम तानाशाह
जिनके फरमान पर
हत्यारे असलहों में
भर लेंगे बारुद
और खोजी कुत्ते
सूंघ-सूंघ कर इस धरा को
खोज निकालेंगे हमें

हम किसी कोमल और
मुलायम स्वप्न देखने के जुर्म में
मारे जाएंगे

जब हम मारे जाएंगे
तब शायद हमारे लिए
सबसे अधिक रोएगा
वह बच्चा
जो हमारे खतों को
पहुँचाने के एवज में
टॉफी पाता था।
अरविन्द श्रीवास्तव
About the poet

अरविन्द श्रीवास्तव

View profile & all 30 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like