मैं हूँ न तथागत - अपर्णा भटनागर

अपर्णा भटनागरअपर्णा भटनागर6 Sept 1964

13 min read · 12.4K reads

हाँ, मैं ही हूँ ..
देशाटन करता
चला आया हूँ ..
सुन रहे हो न मुझे?
बुद्धं शरणम् गच्छामि
संघम शरणम् गच्छामि
धम्मम शरणम् गच्छामि!
यूँ ही युगांतर से
नेह-चक्र खींचता
चलता रहा हूँ-

मैं, हाँ मैं
बंजारा फकीर तथागत ..

तब भी जब तुम
हाँ, तुम ..
किसी खोह में
ढूंढ़ रहे थे
एक जंगली में सभ्य इंसान ..
यकायक तुम्हारी खोज
मकड़ी के जालों में बुन बैठी थी

अपने होने के परिधान!
और .. और ..

तुम उसी दिन सीख गए थे
गोपन रखने के कायदे.
एक होड़ ने जन्म लिया था
और खोह-
अचानक भरभरा उठी थी.

बस उस दिन मैं आया था
अपने बोधि वृक्ष को सुरक्षित करने-
हाथ में कमंडल लिए-
सभ्यता का मांगने प्रतिदान!
बुद्धं शरणम् गच्छामि
संघम शरणम् गच्छामि
धम्मम शरणम् गच्छामि!

एक युग बीत गया-
तुम हलधर हुए...
तब मैं तुम्हारे हल की नोंक में

रोप रहा था रक्त-बीज...
वे पत्थर सूखे
अचानक टूट गए थे
और बह उठी थी सलिला...

शीतल प्रवाह
और उमग कर न जाने कितने उत्पल
शिव बन हुए समाधिस्थ...
इसी समाधि के भीतर
मैं मनु-श्रद्धा का प्रेम प्रसंग बना था
और तब कूर्मा आर्यवर्त होकर सुन उठी थी...

बुद्धं शरणम् गच्छामि
संघम शरणम् गच्छामि
धम्मम शरणम् गच्छामि!

मैं फिर आया था
तुम इतिहास रच रहे थे...
सिन्धु, मिस्र, सुमेरिया.
और भी कई...
अक्कादियों की लड़ाई
हम सभी लुटेरे हैं.

और तब लूट-पाट में
नोंच-खसोट में
मैंने आगे किया था पात्र!
भिक्षा में मिले थे कई धर्म
बस उनके लिए
हाँ, उनके लिए सुठौर खोजता.

निकल आया था
तुम्हारे रेणु-पथ पर
बुद्धं शरणम् गच्छामि
संघम शरणम् गच्छामि
धम्मम शरणम् गच्छामि!

तुम्हें शायद न हो सुधि...
पर मैं कैसे भूल जाऊं
तुम्हारी ममता ..!
सुजाता यहीं तो आई थी
खीर का प्याला लिए.
मेरी ठठरी काया को
लेपने ममत्त्व के क्षीर से
मैं नीर हो गया था
मेरे बिखरे तारों को चढ़ा,
वीणा थमा बोली थी-

न ढीला करो इतना
कि साज सजे न
न कसो इतना
कि टूट जाए कर्षण से..
बस उसी दिन
यहीं बोधि के नीचे
सूरज झुककर बोल उठा था -
बुद्धं शरणम् गच्छामि

संघम शरणम् गच्छामि
धम्मम शरणम् गच्छामि!

तब से मैं पर्यटन पर हूँ ..
तुम साथ चलोगे क्या?
कितने संधान शेष हैं?
हर बार जहां से चलता हूँ
लौट वहीँ आता हूँ ..
पर लगता है सब अनदेखा!
मैं कान लगाये हूँ
अपनी ही प्रतिध्वनि पर-
किसी खाई में
बिखर रही है ..
तुम सुन पा रहे हो ..?

बुद्धं शरणम् गच्छामि
संघम शरणम् गच्छामि
धम्मम शरणम् गच्छामि!

इस कमंडल में हर युग की
हाँ, हर युग की समायी है-
मुट्ठी-भर रेत
इसे फिसलने न दूंगा...
मैं हूँ न तथागत
हर आगत रेत का...
अपर्णा भटनागर
About the poet

अपर्णा भटनागर

View profile & all 40 Poems / Stories

More from अपर्णा भटनागर

  1. मेरे क्षण - अपर्णा भटनागर

    गोधूली बीत गई थीनौसढ़ के पुल से नीचे बहती

    12.4K reads
  2. मिनौती - अपर्णा भटनागर

    हर नारी मिनौती है.. यहाँ दृश्य अरुणाचल का है, इसलिए बाँस, धान, सूरज, सीतापुष्प, पहाड़ के बिम्ब भी उसी प्रदेश के हैं। बरई, न्यिओगा वहाँ के लोक जीवन से जुड़े गीत हैं- जैसे हम बन्ना-बन्नी, आला, बिरहा से जुड़े हैं... इस संगीत को बाँसों से जोड़ा है.. जैसे बाँस के खोखल से निसृत होकर ये मिनौती की आत्मा में पैठ गए हैं... नारी के मन और आत्म को समझाते हुए पुरुष से अंतिम प्रश्न पर कविता समाप्त होती है...मेरे बाँस

    12.4K reads
  3. सब भर जाएगा ! - अपर्णा भटनागर

    रॉबिन तुम एकदम रॉबिन चिड़िया जैसे होछल्लेदार बाल, अकसर लाल रहने वाली दो गोल बड़ी आँखें

    12.4K reads
  4. गौतम की प्रतीक्षा ? - अपर्णा भटनागर

    कुछ तितलियाँफूलों की तलहटी में तैरती

    12.4K reads
  5. बाहर बहुत बर्फ़ है - अपर्णा भटनागर

    तुम्हारे देश के उम्र की हैअपने चेहरे की सलवटों को तह कर

    12.4K reads

More Poetry & Stories You May Like