पेड़ों के पास जो छाया है
पानी के पास जो शीतलता
और पृथ्वी के पास जो धैर्य
यह सब
तुम्हारी उस बात से बना है
जिसे तुम सिर्फ़ इसलिए नहीं कहती
कि उसे कहने के बाद
कुछ कहने
कुछ सुनने की संभावना ख़त्म हो जाएगी
सब पर्दे गिर जाएँगे एक साथ
तुम बचा ले जाती हो हर बार
बच्चों की किताबों का वह मासूम-सा वाक्य
जिसमें दुनिया को सुंदर
और जीवन को अनमोल बताया गया है।








