मेरे देह की तरलता और लौकिक कामनाएँ
दिशा दिखा रही थीं
कामनाओं की जड़ें
कोसों तक फैली थी जंगल में
अपनी गहन सुगंध से माया रचती
ज़िद कर रही थीं भीतर उतरने को
संभोग की उद्दाम कामना के बाद भी
मेरी आँखों में रुपहली लज्जा थी
और देह किसी अंतर प्रवाही विद्युत के समान
झंकृत हो रही थी
जंगल की हज़ार अतृप्त कहानियाँ धड़क रही थीं
अकेले इस हृदय में
जंगल की बेतरतीब जड़ों के बीच
हमनें अपना आसन जमाया
अवनत हो खड़ी हो गई थीं मुद्राएँ
सृष्टि देखने के उल्लास में खिल गए आकाश के रोमछिद्र
भरभरा के निकल रहे थे तारागण
देह की घुमावदार नदी बह रही थी
चाँद सिरहाने का तकिया बनने
उतर आया था जंगल की जड़ों में
नदी और चाँद की आभा में डूब गई थी
प्रत्यंचा-सी खिली देह
जंगली फूलों के बीच
मेरी जंगली देह
उस साँझ मैंने जड़ों में छुपा पाया बसंत
बसंत बीतता नहीं
जाकर छुप जाता है जड़ों में
उस साँझ जंगल से एक-एक कर
निकल आईं सभी ऋतुएँ
समा गईं मेरी देह में
वह आकाश पर झुकी एक साँझ थी
न देह पर पर्दा था न साँझ पर
आकाश को सीधे भेद रहीं थीं मेरी दो आँखें
जंगल का कोलाहल मेरी धड़कनों पर
अनहद की तरह बह रहा था
संभोग की चमक से पराजित एक बिच्छू
अपना डंक उठाए गुज़र गया था मेरी नाभि प्रदेश से
आँखों में उजास लिए जंगल में उतर रही थी रात
शीतल करने मेरी देह
जंगल में उतरीं आकाश गँगाएँ
फिर दुग्ध-मेखलाएँ
मेरी तन्मयता ने तोड़ दिए थे क़रार के सारे नियम
बस! देह थी, जंगल था, साँझ थी।








