तुम्हारी अर्धरात्रि की बातें
मेरे सफ़ेद बिस्तर को लाल कर देती हैं
अतृप्ति कविता को जन्म देती है
मेरी स्त्री को सिर्फ़ कविता नहीं
तृप्ति भी चाहिए
तुम्हारी कठोर साँसें
मेरा मछली का कलेजा
जिसे पिघलाते हैं तुम्हारे मर्दाने ख़याल
अपनी तृप्ति के लिए मैं
उत्तेजना में भी लड़ती हूँ तुमसे
मेरे घर में मेरे नियम होंगे लागू
अर्ध-रात्रि जो अतृप्त स्त्री को बुलाते हो
तो पूरा बुलाना
आते हो तो आना पूरा
मन मन से ईद मनाएगा
देह देह से होली खेलेगी
स्त्री की अर्धरात्रि की उत्तेजना से
पराजित तो नहीं होगा न
तुम्हारा सदियों बूढ़ा अहं
क्षण भर के लिए उसे भुला सको अगर
तभी छू पाओगे स्त्री का चरम
अर्ध-रात्रि में आओ तो
बिना आईना देखे आना
एक मंत्र सिखाऊँगी
तुम्हें समुद्र बनाऊँगी
मैं नाव बन जाऊँगी
मीता
सुनो
कभी मेरी तरह
चिल्हकते हैं
तुम्हारे सीने?
देह में नदी की तेज़ धारा
बहती है क्या?
मेरी अपनी वासना में फ़र्क़ देखो
तुम उत्तेजित हुए
धूल उड़ाई
राख बरसाई
मेरी उत्तेजना ने रचे
भुवन-त्रय
जब तक तृप्त नहीं होगी
रहेंगे टिके
कहा था न!
चोटिल न हो अहं
तभी आना!
कहा था न!
समझना हो स्त्री का चरम
तभी आना!
ये क्या !बींध डाला न
अपनी कठोर प्रत्यंचा से
मेरी हिरणी का दिल।








