सुबह की शुरुआत

अनुपम सिंहअनुपम सिंह1 Sept 1986

1 min read · 12.4K reads

किताबें उठाती हूँ

पलटती हूँ पन्ने

लेकिन आँखें!

आँखें कहीं टिकती ही नहीं

शब्द झिलमिलाते हैं

शरारती बच्चे के फेंके पत्थर-से

लगते हैं माथे पर

सोचती हूँ—

क्या ये वही परिचित शब्द हैं

जिसे अगली कक्षाओं में

जाने के उत्साह से

पढ़ लिया करती थी...

दुपहर होते ऊब से भर जाती हूँ

सोचती हूँ—

पहले की दुपहर में उमस तो थी

पर इतनी ऊब न थी

बग़ल में एक फ़ोन बजने के इंतज़ार में

रोज़ चार्ज पर लगता है

कहीं से आवेगा आज

बुलावा नौकरी का

दिन भर की चुप्पी से

उतर आता है आवाज़ में

मन का भारीपन

शीशे में अपनी ही आँखें लगती हैं

किसी अँधेरी खोह-सी

भरी हूँ डँसे जाने की आशंका से

या तालाब में घोल दी गई है स्याही

जिसमें ऊभ-जूभ करती

दम तोड़ रही हैं मछलियाँ

कमरे की भारी हवा

दबाती है मेरे सीने को

माँ रात-रात भर कुहकती है

ज्यों पिता ले आए हों उसकी सौत

थके-हारे पिता ने साध लिया है मौन

बहन घरी-कुघरी कोसती है ख़ुद को

मुझ तक नहीं पहुँचती

कोई धुन

कोई लय

पुरानी याद किन कोठरियों में बंद है

कौन-सी चाभियाँ खोलती हैं किन तालों को

समय के बहाव में कौन-सी दिशा है मेरी

पता नहीं

मैंने ज़ब्त कर लिया है

अपने कानों को

माँ की चिंता वाजिब है

पिता और भाई की भी

बहन चील की तरह मंडराती है रातों को

कभी नागिन-सी फुँफकारती है

चारपाई के नीचे

जैसे उसकी क़ब्र का फूल

नोच रहा हो कोई

हवा कहती है—लौट आ!

ज़िद मत कर

मैं सोचती हूँ—

अगली सुबह की शुरुआत कहाँ से करूँ...

अनुपम सिंह
About the poet

अनुपम सिंह

View profile & all 46 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like