धरती पर हज़ार चीज़ें थीं काली और ख़ूबसूरत

अनुपम सिंहअनुपम सिंह1 Sept 1986

1 min read · 12.4K reads

उनके मुँह का स्वाद

मेरा ही रंग देख बिगड़ता था

वे मुझे अपने दरवाज़े से ऐसे पुकारते

जैसे किसी अनहोनी को पुकार रहे हों

उनके हज़ार मुहावरे मुँह चिढ़ाते थे

जैसे काली करतूतें काली दाल काला दिल

काले कारनामे

बिल्लियों के बहाने से दी गई गालियाँ सुन

मैं ख़ुद को बिसूरती जाती थी

और अकेले में छिपकर रोती थी

पहली बार जब मेरे प्रेम की ख़बरें उड़ीं

तो माँ ओरहन लेकर गई

उन्होंने झिड़क दिया उसे

कि मेरे बेटे को यही मिली हैं प्रेम करने को

मुझे प्रेम में बदनाम होने से अधिक

यह बात खल गई थी

उन्होंने कच्ची पेंसिलों-सा

तोड़ दिया था मेरे प्रेम करने का पहला विश्वास

मैंने मन्नतें उस चौखट पर माँगीं

जहाँ पहले ही नहीं था इंसाफ़

कई -कई फ़िल्मों के दृश्य

जिसमें फ़िल्माई गई थीं काली लड़कियाँ

सिर्फ़ मज़ाक़ बनाने के लिए

अभी भी भर आँख देख नहीं पाती हूँ

तस्वीर खिंचाती हूँ

तो बचपन की कोई बात अनमना कर जाती है

सोचती हूँ

कितनी जल्दी बाहर निकल जाऊँ दृश्य से

काला कपड़ा तो ज़िद में पहनना शुरू किया था

हाथ जोड़ लेते पिता

बिटिया! मत पहना करो काली क़मीज़

वैसे तो काजल और बिंदी यही दो शृंगार प्रिय थे मुझे

अब लगता है कि काजल भी ज़िद का ही भरा है

उनको कई दफ़े यह कहते सुना था

कि काजल फबता नहीं तुम पर

देवी-देवताओं और सज्जनों ने मिलकर

कई बार तोड़ा मुझे

मैं थी उस टूटे पत्ते-सी

जिससे जड़ें फूटती हैं

अनुपम सिंह
About the poet

अनुपम सिंह

View profile & all 46 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like