गंगा के इस पावन तट पर - अनुपमा पाठक

अनुपमा पाठकअनुपमा पाठक6 Sept 1980

4 min read · 12.4K reads

आना सांसारिक प्रपंचों से बिलकुल निपट कर
गंगा के इस पावन तट पर

यहाँ की छटा है दिव्य
सकल रश्मियाँ आँचल में आ गयी सिमट कर
गंगा के इस पावन तट पर

मन कुछ और निर्मल हो गया
हवाएं गुजरी जो कुछ आत्मा से सट कर
गंगा के इस पावन तट पर

अपनी क्षुद्रता का एहसास और प्रबल हो गया
रजकणों से लिपट कर
गंगा के इस पावन तट पर

आरती की थाल सजी है
झूमता हुआ सा माहौल है सारे जहां से हट कर
गंगा के इस पावन तट पर

आखिर क्या हासिल कर लोगे
स्वार्थ का बेतुका गणितीय पहाड़ा रट कर
गंगा के इस पावन तट पर

आना सांसारिक प्रपंचों से बिलकुल निपट कर
गंगा के इस पावन तट पर
अनुपमा पाठक
About the poet

अनुपमा पाठक

View profile & all 30 Poems / Stories