दो किनारे - अनुपमा पाठक

अनुपमा पाठकअनुपमा पाठक6 Sept 1980

5 min read · 12.4K reads

नदी भाव की
बहती जाती थी
दो किनारों के मध्य
मौन के बीच
गूंज जाता था
शब्दों का अर्घ्य

कई कई रूपों में
बरसती थी
प्रश्नों की बौछार
उत्तर ज्ञात
फिर भी लेते थे
अनगिनत प्रश्न आकार

एक किनारा कहता
जो स्पष्ट है
उसकी कैसी पुष्टि
एक है भाग्य हमारा
जुदा कहाँ
अपनी सृष्टि
दूजा किनारा
अपनी बात
दुहराता था
कह पाओ तो कह दो
सुनना
उसको भाता था

क्षितिज पर
उड़ रहे थे
अरमान पंख पसारे
दूर दौड़ाई दृष्टि
तो देखा
मिल रहे थे किनारे

प्रश्नों की बूंदें
शब्दों के बुलबुले
सब थे मौन
ये क्षणिक भ्रम था
या दो किनारों की सच्चाई
ये अब जाने कौन

महसूस किया
उन
एकाकार किनारों को
आत्मसात किया
नदिया की
बहती धारों को

एक बूँद
ओस की
उतर गयी भीतर
नमी
हृदय की
हो गयी तर

बीत रहे
समय की ललाट पर
अनुभूति के नगीने जड़े थे
नदी के दो किनारे
फिर एक बार
अलग अलग खड़े थे!
अनुपमा पाठक
About the poet

अनुपमा पाठक

View profile & all 30 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like