दृश्य और दर्शन के बाहर - अनूप सेठी

अनूप सेठीअनूप सेठी10 Sept 1958

5 min read · 12.4K reads


दृश्य

ग्लास टैंक में मछली
घबरा कर होश खो कर
लुढ़कती लपकती टकराती भागती
देखी हमने ग्लास टैंक में मछली

दर्शन

मछली मर जाएगी
इस कारा से बाहर कहाँ जाएगी
बूढ़ी हो गई बेचारी जी नहीं पाएगी

दृश्य

स्टेशन पर औरत मैली—कुचैली
पब्लिक फोन का चोंगा पकड़े
बुक्का फाड़ रोती नंबर मिलाती
दहाड़ मार कर माँ को बुलाती
औरत की उम्र बड़ी थी
रुलाई बचपन की खोई हुई कड़ी थी

दर्शन

औरत पागल थी
उसको खबर नहीं क्या करती थी
मरना जीना रोना हँसना पगला जाना
चलता रहता है घबराना क्या

दृश्य और दर्शन के बाहर

बचा रहा जाता है बार बार हर बार बहुत कुछ
हम बेबस बदहवास दौड़ रहे
मछली रोती जाती
औरत डूब रही है
गिर जाएँगे घिर जाएँगे
बचपन की छड़ी सहारा देती
बगल खड़ी है
लेकिन दुनिया
दहलाती दमकाती
बहुत बड़ी है.
अनूप सेठी
About the poet

अनूप सेठी

View profile & all 51 Poems / Stories