महुवाई गंध

अनुज लुगुनअनुज लुगुन10 Sept 1986

1 min read · 12.4K reads

 

कामगारों एवं मज़दूरों की ओर से उनकी पत्नियों को भेजा गया प्रेम-संदेश

ओ मेरी सुरमयी पत्नी!
तुम्हारे बालों से झरते हैं महुए

तुम्हारे बालों की महुवाई गंध 
मुझे खींच ले आती है अपने गाँव में 
और शहर के धूल-गर्द के बीच 
मेरे बदन से पसीने का टपकना 
तुम्हें ले जाता है महुए की छाँव में 

ओ मेरी सुरमयी पत्नी!
तुम्हारी सखियाँ तुमसे झगड़ती हैं 
कि महुवाई गंध महुए में है 

मुझे तुम्हारे बालों से आती है महुवाई गंध 
और तुम्हें मेरे पसीने से 
ओ मेरी महुवाई पत्नी!
सखियों का बुरा न मानना 
वे सब जानती हैं कि 
महुवाई गंध हमारे प्रेम में है।

अनुज लुगुन
About the poet

अनुज लुगुन

View profile & all 93 Poems / Stories