जहाँ बर्फ़ गिरती होगी

अंकिता शाम्भवीअंकिता शाम्भवी

1 min read · 12.4K reads

उन वादियों में

जहाँ बर्फ़ गिरती होगी

कैसा लगता होगा जाना वहाँ!

कैसा लगता होगा किसी ऊँची घाटी से तुम्हारा नाम ज़ोर से पुकारना!

और वापस

कानों को चूमती

उस प्रतिध्वनि को सुनना!

कैसा लगता होगा वहाँ

हाथ पकड़कर चलना!

कितने सैलानी-जोड़े वहाँ

कितनी-कितनी बार

हाथ पकड़ते होंगे!

क्या उनके हाथ पकड़ने को कोई गिनता होगा?

इस तरह हाथ पकड़े जाने की गिनती

क्या कोई जानता होगा?

जब तक हम दोनों

साथ-साथ

बर्फ़ का गिरना

नहीं देख लेते

बर्फ़ गिरती रहती होगी वादियों में

तब बर्फ़ का गिरना

सिर्फ़ बर्फ़ देखती होगी।

अंकिता शाम्भवी
About the poet

अंकिता शाम्भवी

नई पीढ़ी की कवयित्री। संगीत में रुचि। मूल नाम : अंकिता शाम्भवी जन्म : दुर्गापुर, पश्चिम बंगाल

View profile & all 8 Poems / Stories