ज़ाहिद अली का पन्ना

अनीता वर्माअनीता वर्मा25 Sept 1959

1 min read · 12.4K reads

यह पन्ना जिस पर मैं लिखती हूँ

ज़ाहिद अली की कॉपी का है

इम्तिहान में जिसे दस में से छह अंक आए हैं

यह पन्ना बीच का पुल है

जो ज़ाहिद अली के गुज़रते समय तक जाता है

इसके अक्षर उसकी रोशनी में नहीं चमकते

उसकी सुबह और गोधूलि में इनसे कोई आग नहीं जलती

उसके तारों और फूलों से बहुत दूर

अस्पताल और दवाओं से दूर

कविता अपनी यातनाओं के रास्ते चलती है

यहाँ उसके समय की निराशा नहीं है

क्षीण होते विचारों के अवशेष नहीं हैं

जीवन में प्रवेश करता हुआ समय नहीं है

विचलन समझौते और आशंकाएँ नहीं हैं

अगे चलकर ज़ाहिद अली को मिल सकते हैं अंक

दस में दस या बारह या सिफ़र

फ़र्क़ नहीं पड़ता कि उसे सोचना पड़ सकता है

भविष्य सपनों और आत्महत्या के बारे में

देखने पड़ सकते हैं अमानवीय दृश्य

स्मृतियों को ज़िंदा रखने की कोशिश

और जीवन की अधूरी तहक़ीक़ात के बीच

ख़त्म होती है यह कविता

इससे पहले कि ज़ाहिद अली मर जाए बूढ़ा होकर

अनीता वर्मा
About the poet

अनीता वर्मा

View profile & all 44 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like