आप दूध पिएँगे तो पहले देखिए उसके तरीक़े
और दिन भर करने को रह गए हैं बस दो काम
या तो नहा लीजिए या फिर धो लीजिए कपड़े
बहुत ख़ुश हों तो चार बार कर सकते हैं ब्रश
वह जो चाय के बारे में बता रही है नई-नई बहू
उसने भी आज़माए हैं उम्र कम करने के नुस्ख़े
एक क्रांति अभी-अभी बस होनी है धोबियों के बाज़ार में
उन्हें पता है कि ऊपर चढ़ने से आसान है नीचे जाना
इसलिए वे बताते हैं पड़ोसियों से ईर्ष्या के गुर
फोड़ देते हैं पर्दे पर चायदानी वह निषेध का विस्फ़ोट है
सब कुछ दिखता है कहकर भी पर्दे के पीछे का सच नहीं दिखाया जाता
जहाँ नोटों की बिजलियाँ गिरती हैं और ऊपर ही ऊपर लोक ली जाती हैं
आप इधर ब्रश करते रह जाते हैं
उधर यहाँ की हवा वहाँ की फ़िज़ा को कर आती है सब्ज़
कुछ दिनों बाद शायद बनाए जाएँ विज्ञापन
ख़रीदिए एक पूरा आदमी भाव प्रेम और संवेदना से भरपूर








