जो कुछ है

अनीता वर्माअनीता वर्मा25 Sept 1959

1 min read · 12.4K reads

अगर तुम समझते हो

कि तुमने सब कुछ जान लिया है

तो यह तुम्हारा भ्रम है

उम्र अनुभव देती है, पड़ताल नहीं

अभी तुमने जाना नहीं है

चीज़ों को सही करना

और गाँठों को खोलना

रोशनी में नहाया हुआ चंद्रमा

दरवाज़े पर दस्तक देता है

और तुम्हारे कान उसे नहीं सुनते

जीवन से दूर इसकी परछाइयाँ उतरती हैं

नदी अपनी गहराई में गुम होती जाती है

प्यार बीत जाता है ऋतुओं की तरह

तुम्हें गुमान है कि सब ठीक है

तुमने बदले नहीं हैं अपने रास्ते

जीवन की पटरी सीधी चल रही है

सारे साज़ो-सामान इकट्ठे हैं

खाते-पीते सोते महफ़ूज़ हैं हम

पता नहीं तुमने क्या सीखा है

विचारों का एक पुलिंदा

जिसकी बोरियाँ तुमने भर रखी हैं

लगातार बोलते-बोलते सूख जाता है गला

दूसरे पर हावी होने की कोशिश

तुम्हें लगातार कमज़ोर करती है

अभिमान और विवशता को छाती से लगाए

एक दिन आ जाता है कूच करने का समय

अनीता वर्मा
About the poet

अनीता वर्मा

View profile & all 44 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like