पहले स्त्री बाज़ार नहीं जाती थी
वह फैली हुई थी समूचे घर में
उसका ख़ालीपन भरा रहता था हर कोने में
कुछ नहीं माँगता था उसका प्रेम
कल्पना के टूटते सच उसकी गोद में गिरते जाते थे
दूर कहीं हवा में वह बनाती थी घर
सर झुकाए छिपी हुई वह लगती थी सुंदर
अब बाज़ार स्त्री के क़दमों में है
उसके केश सहलाता उतारता कपड़े
सामान कोई भी हो बेची जाती है हमेशा स्त्री
वह बाज़ार को ले आती है घर में
बच्चे से प्यार करती हुई वह खिलाती है उसे आधुनिक कोई उत्पाद
एक दवा उसे कमर दर्द से बचाती है
वह कई घरों को इसी तरह रखती है दुरुस्त
बेहिचक दिखते हैं उसके छिपे हुए अंग
बनते हैं सुंदरियों के इतिहास
ख़रीदनी है अगर दवा तो देखो स्त्री को
दर्द से ज़्यादा असरदार है उसकी कमर
तेल से ज़्यादा सुंदर हैं केश कपड़ों से ज़्यादा देह
देखो चमकीली आँखें चिकनी त्वचा
काली करो कल्पना अगर ख़रीदनी हो ग़ज़ल
शुक्र करो कि ख़ूबसूरत माँएँ बच्चे नहीं बेचतीं
यह काम बदसूरत माँओं के लिए तय किया गया है
सुखी घर के लिए हर सामान बिकता है
यह बात सब छिपाते हैं कि उनसे जीवन का क्या बनता है








