एक अदद तितली - अनिरुद्ध नीरव

अनिरुद्ध नीरवअनिरुद्ध नीरव

4 min read · 12.3K reads

     पंखों पर
     जटगी के खेत लिए
     एक अदद तितली इस शहर में दिखी

इसके पहले ये मन
गाँव-गाँव हो उठे
नदिया के तीर की
कदम्ब छाँव हो उठे
     वक्ष पर
     कुल्हाड़ों की चोट लिए
     एक गाछ इमली इस शहर में दिखी

उठता है सूर्य यहाँ
ज्यों शटर दुकान में
गिरती है संध्या
रोकड़ बही मीजान में
     नभ के चंगुल में
     बंधक जैसी
     चंदा की हँसली इस शहर में दिखी

उत्तेजित भीड़ पुलिस
गलियाँ ख़ूनी हुईं
जब तक समझे क्या है
सड़कें सूनी हुईं
     और तभी
     होठों पर तान लिए
     एक नई पगली इस शहर में दिखी

विज्ञापन झोंक गए
हमको बाज़ार में
बंदी हैं पचरंगे रैपर में
जार में
     यहीं से सुदूर
     भरी लाई से
     बाँस बनी सुपली इस शहर में दिखी ।
अनिरुद्ध नीरव
About the poet

अनिरुद्ध नीरव

View profile & all 11 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like