ठगी जाती है
जब एक नदी
तब उसके किनारों की
आबादी भी ठग ली जाती है
ठग ली जाती हैं
सरल पशुओं की आवाज़ें
ठगे रह जाते पुल
जिनसे होकर
मनुष्य आए थे धरती पर
वह सेतु
जिनके दम से टिके थे
रोटी और बेटी के संबंध
सभ्यताओं से वर्तमान तक
नदी के ठगे जाने के बाद
प्यास तक पहुँचने के
सबसे सही रास्ते ठग लिए जाते हैं
ठग ली जाती है
पंछियों की प्यास
बिजली के तारों के बहाने
नदी को ठग लिए जाने के बाद
अबोध बूढ़े गूँगे देवता भी
ख़ुद को ठगा-सा महसूस करते हैं
जो कामगारों
चरवाहों के पीछे-पीछे
चौमास की नदी तैर के
आर-पार जाया करते थे
दरअस्ल, नदी का ठगा जाना
मनुष्यता को ठग लिए जाने की
सबसे नई और बड़ी घटना है
इस दुनिया की।








