मुँह अँधेरे जागकर
डूबते तारे से कहता हूँ
कहता हूँ उषा से
और ओस से सरोबार उस दूब से
कविता ही जीवन हो
पक्षियों के पहले कलरव से
जागें शब्द
उठें दूब की नोकों से
सूरज के आलोक में
खेतों की जड़ता तोड़ती
हल की नोक
काग़ज़ पर बेआवाज़ क़लम
कैनवास पर फिसलता ब्रश
उठे गहन साधना में डूबी अँगुलियों से
शुरू हो ठकठक छैनी-हथौड़ों की
चाक पर रखे लोंदे से प्रकट हों मिट्टी के असंख्य आकार
चलें चरख़े और करघे निरंतर
ताने-बानों में उतरें
रंग बादलों के
फूटे संगीत
पैरों की चपल पेशियों की गति अँगड़ाई ले
मुँह अँधेरे।








