मुझे उर्दू नहीं आती - अमित

अमिताभ त्रिपाठी ‘अमितअमिताभ त्रिपाठी ‘अमित26 Sept 1960

9 min read · 12.4K reads

मुझे उर्दू नहीं आती, मुझे हिन्दी नहीं आती।

मुझे आती है इक भाषा कि जिसमें बोलता हूँ मैं
हृदय के स्राव को शब्दों के जल में घोलता हूँ मै
वो भाषा जिसमें तुतलाकर मैं पहली बार बोला था
जिसे सुनकर मेरी माँ के नयन में अश्रु डोला था
उठा कर बाँह में उसने मेरे मुखड़े को चूमा था
सुनहरे स्वपन का इक सिलसिला आँखों में घूमा था
वो भाषा मेरे होंठों पर दुआ बन करके चिपकी है
वो किस्सा है, कहानी है, वो लोरी है, वो थपकी है
खुले आकाश में अपने परों को तोलती है वो
मेरी भाषा को सीमाओं की चकबन्दी नहीं आती
मुझे उर्दू नहीं आती, मुझे हिन्दी नहीं आती।

न वर्णों का समुच्चय है, न व्याकरणों की टोली है
मेरी भाषा, मेरे अन्तर के उद्‍गारों की बोली है
दृगों के मौन सम्भाषण में भी मुँह खोलता हूँ मैं
जहाँ होता है सन्नाटा, वहाँ भी बोलता हूँ मैं
ये पर्वत, वन, नदी, झरने इसी में वास लेते हैं
मृगादिक, वन्य पशु-पक्षी इसी में साँस लेते हैं
मेरी भाषा में बोले, आदिकवि, मिल्टन कि हों गेटे
वो ग़ालिब, संत तुलसी, मीर या बंगाल के बेटे
जगत की वेदनाओं से सहज संवाद करती है
मेरी भाषा को विश्वासों की पाबंदी नहीं आती
मुझे उर्दू नहीं आती, मुझे हिन्दी नहीं आती।


मुझे कुछ रोष है ऐसे स्वघोषित कलमकारों पर
इबारत जो नहीं पढ़्ते भविष्यत की दीवारों पर
जो बहते नीर को पोखरों-कुओं में बाँट देते हैं
जो अपने मत प्रवर्तन हेतु खेमें छाँट लेते हैं
मुझे प्रतिबद्धता की कल्पना प्रतिबंन्ध लगती है
सॄजन के क्षेत्र में यह वर्जना की गन्ध लगती है
हृदय के भाव अनगढ़ हों तो सोंधे और सलोने हैं
किसी मत में जकड़ते ही ये बेदम से खिलौने हैं
विचारों के नये पुष्पों के सौरभ में नहाती है
मेरी भाषा को सिन्द्धान्तों की गुटबन्दी नहीं आती
मुझे उर्दू नहीं आती, मुझे हिन्दी नहीं आती
अमिताभ त्रिपाठी ‘अमित
About the poet

अमिताभ त्रिपाठी ‘अमित

View profile & all 109 Poems / Stories

More from अमिताभ त्रिपाठी ‘अमित

  1. जिन्दगी इक तलाश है क्या है? - अमित

    जिन्दगी इक तलाश है, क्या है?दर्द इसका लिबास है क्या है?

    12.4K reads
  2. जो कुछ हो सुनाना उसे बेशक़ सुनाइये - अमित

    जो कुछ हो सुनाना उसे बेशक़ सुनाइयेतकरीर ही करनी हो कहीं और जाइये

    12.4K reads
  3. दिल मुसाफ़िर ही रहा सूये-सफ़र आज भी है - अमित

    दिल मुसाफ़िर ही रहा सूये-सफ़र आज भी हैहाँ! तसव्वुर में मगर पुख़्ता सा घर आज भी है

    12.4K reads
  4. बतर्ज-ए-मीर - अमित

    अक्सर ही उपदेश करे है, जाने क्या - क्या बोले है।पहले ’अमित’ को देखा होता अब तो बहुत मुहँ खोले है।

    12.4K reads
  5. मैं खड़ा बीच मझधार किनारे क्या कर लेंगे - अमित

    मैं खड़ा बीच मझधार किनारे क्या कर लेंगेमैने छोड़ी पतवार सहारे क्या कर लेंगे

    12.4K reads

More Poetry & Stories You May Like