जहाँ मैं खड़ी थी - नज़्म

अम्बरीन सलाहुद्दीनअम्बरीन सलाहुद्दीन

1 min read · 12.4K reads

जहाँ मैं खड़ी थी

वहाँ से क़दम, दो क़दम ही का रस्ता था

जिस जा पे मौसम बदलने को तय्यार बैठे थे

मेरे ये बस में नहीं था कि मैं

अपनी खिड़की के आगे पिघलते हुए

मंज़रों में कोई

अपनी मर्ज़ी का ही रंग भर दूँ

ख़िज़ाँ की अकड़ती हुई ज़र्द बाँहों को

अपने झरोके के आगे ये बद-रंग पीले मनाज़िर

सजाने से ही रोक पाऊँ

दरख़्तों की मज़बूत शाख़ों से दामन छुड़ाते

हुए ज़र्द पत्तों को रोकूँ

बिखरते हुए फूल लचकीली, सरसब्ज़ शाख़ों पे फिर से खिलाऊँ

हवाओं की पज़मुर्दा साँसों में फिर ज़िंदगी दौड़ जाए

परिंदों की चहकार उभरे, नदी मुस्कुराए

जहाँ मैं खड़ी थी

वहाँ से क़दम, दो क़दम ही का रस्ता था

रस्ते में बिखरे हुए कितने पल थे

अधूरे सफ़र थे

मगर मेरे बस में नहीं था कि मैं

सारे बिखरे हुए पल ही तरतीब दे दूँ

मसाफ़त के मारे हुए रास्ते मंज़िलों से मिला दूँ

उलझती हुई, सर पटख़ती हुई तुंद मौजों के आगे किनारे बिछा दूँ

जहाँ मैं खड़ी थी

वहाँ से क़दम, दो क़दम ही का रस्ता था

जिस जा पे दुनिया थी, ठहरा हुआ वक़्त था

जिस जगह ज़िंदगी थी

मगर मेरे बस में नहीं था कि मैं

ज़िंदगी से ये कह दूँ

कि ठहरे हुए वक़्त से आगे कुछ पल निकलने न पाए

ये दुनिया को जा के बताए

मुझे साँस लेने को थोड़ी जगह चाहिए

वक़्त का एक उजला किनारा मिले

ज़िंदगी से कुछ ऐसा इशारा मिले

इस ज़माने का ही साथ सारा मिले

मैं उसे जा के कह दूँ

मगर मेरे बस में नहीं था कि मैं

अपनी बाँहें उठाऊँ

क़दम को बढ़ाऊँ

निगाहों से उस को बुलाऊँ

उसे कह ही पाऊँ

कि है ये क़दम, दो क़दम ही का रस्ता

जहाँ मैं खड़ी हूँ!

अम्बरीन सलाहुद्दीन
About the poet

अम्बरीन सलाहुद्दीन

View profile & all 35 Poems / Stories

More from अम्बरीन सलाहुद्दीन

  1. असीर-ए-ख़्वाब नई जुस्तुजू के दर खोलें - अम्बरीन सलाहुद्दीन

    असीर-ए-ख़्वाब नई जुस्तुजू के दर खोलेंहवा पे हाथ रखें और अपने पर खोलें

    12.4K reads
  2. हम सितारों में तेरा अक्स न ढलने देंगे - अम्बरीन सलाहुद्दीन

    हम सितारों में तेरा अक्स न ढलने देंगेचाँद को शाम की दहलीज़ पे जलने देंगे

    12.4K reads
  3. जब अश्कों में सदाएँ ढल रही थीं - अम्बरीन सलाहुद्दीन

    जब अश्कों में सदाएँ ढल रही थींसर-ए-मिज़्गाँ दुआएँ जल रही थीं

    12.4K reads
  4. ख़ार ओ ख़स की माह ओ अंजुम से यूँ निस्बत देखी - अम्बरीन सलाहुद्दीन

    ख़ार ओ ख़स की माह ओ अंजुम से यूँ निस्बत देखीमेरे ख़्वाबों की मेरे शहर ने क़ीमत देखी

    12.4K reads
  5. क्यूँ अम्बर की पहनाई में चुप की राह टटोलें - अम्बरीन सलाहुद्दीन

    क्यूँ अम्बर की पहनाई में चुप की राह टटोलेंअपनी ज़ात की बुनत उधेड़ें साँस में ख़ाक समो लें

    12.4K reads