गोताखोर समय के आगे - अमरनाथ श्रीवास्तव

अमरनाथ श्रीवास्तवअमरनाथ श्रीवास्तव21 Sept 1937 – 15 Sept 2009

5 min read · 12.4K reads

            गोताख़ोर समय के आगे
            याचक होकर जाना कैसा
            अतल सिन्धु के मोती होकर
            बैठे तो पछताना कैसा ?

ख़ाली चौदह रत्नों के घर
सतत सिन्धु-मन्थन में जीना
दरकी सीपी की दीवारों से
रिसते खारे जल पीना
            इतना अन्तर्ज्वार मिला तो
            कोई और ठिकाना कैसा ?

बादल की आँखों में आए
तो बादल का दुख आधा है
लेकिन सीपी की पलकों में
स्वाति बून्द की मर्यादा है
            कोई सीमा रेखा हो तो
            आगे और बहाना कैसा ?

यह अर्जित परिवेश स्वयं का
अवरोधक हैं तरह-तरह के
भारी इतने हो, तुमको
क्या छू पाएँगे ज्वार सतह के
            फिर निःसंग छूट जाने का
            कोई डर बचकाना कैसा ?

यूँ तो हार नौलखा भी हैं
सागर छूट गए हैं जिनके
लेकिन चुभती है मंजूषा
भेद खुले जब उजले दिन के
            जल-थल का संसार अलग है
            दोनों को उलझाना कैसा ?
अमरनाथ श्रीवास्तव
About the poet

अमरनाथ श्रीवास्तव

View profile & all 28 Poems / Stories