न माथा
न होंठ और न ही उरोज
प्रेम तो था चुंबन
जिस पर थी हज़ार बंदिश
और जिसके उतरते ही तन पर
बहने लगता था मन पानी होकर
और तैरने लगती थीं जिसमें
अफ़वाहों की मछलियाँ मुख़बिर बनकर
गिरती थी बिजली पड़ोस और मुहल्ले में
बदल जाती थी संस्कृति एक हल्ले में
बस धरती हरियाती थी फूल खिल जाते थे
उन दिनों हम प्रेम में हवा-सा लहराते थे।








