गेंद (दो) - अक्षय उपाध्याय

अक्षय उपाध्यायअक्षय उपाध्याय

3 min read · 12.4K reads

खिलाड़ियों की स्मृति के साथ
चुप, उदास
इस गेंद के पास
अपनी कौन सी दुनिया है

किन स्वप्नों के लिए जीवित वह गेंद
कौन सी कविता रचेगी

सीटी की मार के साथ
लथेरी गई
बिना जीत की ख़ुशी में
पिचकी इस गेंद का हक़
खिलाड़ियों की नींद में ग़ुम हो जाता है

मैदान के खाली होने पर
जाल समेटते माली ने
अंतिम बार देखा उसे और बुदबुदाते हुए कहा था
ससुरी गेंद यहीं पड़ी रह गई ।

गेंद के जीवन में
मृत्यु का यह पहला अवसर था ।

गेंद सोचती है पहली बार
अपनी ज़रूरी कार्यवाही के बारे में ।
अक्षय उपाध्याय
About the poet

अक्षय उपाध्याय

View profile & all 8 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like