उसी एकांत में घर दो
जहाँ पर सभी आवे :
वही एकांत सच्चा है
जिसे सब छू सकें।
मुझको यही वर दो
उसी एकांत में घर दो
कि जिसमें सभी आवें—
—मैं न आऊँ।
नहीं मैं छू भी सकूँ जिसको
मुझे ही जो छुए, घेरे, समो लो।
क्योंकि जो मुझसे छुआ जा सका—
मेरे स्पर्श से चटका—
नहीं है आसरा, वह छत्र कच्चा है :
वही एकांत सच्चा है
जिसे छूने मैं चलूँ तो मैं पलट कर टूट जाऊँ।
लौटकर फिर वहीं आऊँ
किंतु पाऊँ
जो उसे छू रहा है वह मैं नहीं हूँ :
सभी हैं वे। सभी : वह भी जो कि इसका बोध
मुझ तक ला सका।
उसी एकांत में घर दो—
यही वर दो।








