तुम्हारी ख़बर-सार के लिए
कई साल बाद आया हूँ
तुम्हारे गिर्द हुजूम देखकर
अंदर आने का साहस नहीं कर पाया
वापस जाने को भी मन नहीं करता
मेरे दोस्त!
तुम्हें तो नफ़रत थी
इंसान की भीड़ से
और कई बार ख़ुद अपनी भीड़ से
छाया के लिए पेड़ लगाते हुए
तुम जंगल की रक्षा कैसे करने लगे
दूर से तुम्हें देखा
भले तुम्हारे दाँत दिखाई पड़ते थे
लेकिन तुम नहीं लगे हँस रहे
मैं सुन रहा हूँ
तुम्हारे गिर्द लोग बताते हैं
कि तुम्हारी आँखों का
आँसुओं से कोई वास्ता नहीं
लेकिन मेरी जेब में तो अब भी
वह रूमाल है
जिससे तुम्हारी आँखें पोंछकर
मैं तुमसे विदा हुआ था
मुझे लगा
तुम चाहकर भी
हँस नहीं सकते
रोना चाहते हुए भी
रो नहीं सकते
तुम्हारे मिलन की
कैसी ख़ुशी है यह
मैं उदास हो गया
मेरी आँखें भर आई हैं
सोचता हूँ
कितनी देर हो गई होगी
तुम्हें हँसे हुए
और रोए हुए भी
तुम्हारे साथ क्या बीत रही है
कभी सोचा तुमने भी?








